बराक घाटी में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर मुखर हुआ हाइलाकांदी बार एसोसिएशन
प्रीतम दास हाइलाकांदी, ९ जून : लगभग तीन दशकों से बराक घाटी के लोगों की प्रमुख मांगों में से एक रही है कि गौहाटी हाईकोर्ट की एक स्थायी बेंच बराक घाटी में स्थापित की जाए। इस मांग को और अधिक मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से हाइलाकांदी बार एसोसिएशन ने जनसमर्थन के साथ अपनी आवाज बुलंद की है।मंगलवार को हाइलाकांदी में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बराक घाटी में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना के पक्ष में अपना दृढ़ मत व्यक्त किया। अधिवक्ताओं का कहना है कि न्याय प्राप्ति को सुगम बनाने तथा दक्षिण असम के विशाल क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही परेशानियों को दूर करने के लिए बराक घाटी में हाईकोर्ट की एक बेंच स्थापित करना समय की मांग है।इस पत्रकार सम्मेलन में हाइलाकांडी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नुरुल हक मजूमदार, महासचिव फखरुल इस्लाम बरभुइयां, संयुक्त सचिव गौतम घोष, आब्जाल हुसैन लस्कर, रुकन उद्दीन बरभुइयां, जयनुल इस्लाम बरभुइयां, सादिक हुसैन बरभुइयां सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित थे।वक्ताओं ने कहा कि बराक कोऑर्डिनेशन कमेटी पिछले ३० वर्षों से बराक घाटी में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर निरंतर आंदोलन चला रही है, लेकिन अब तक इस महत्वपूर्ण मांग को पूरा नहीं किया गया है। इसके कारण बराक घाटी के लोगों को न्यायिक मामलों के लिए गौहाटी तक यात्रा करनी पड़ती है जिससे समय और धन दोनों की व्यापक हानि होती है।बैठक में अधिवक्ताओं ने यह भी मांग की कि बराक घाटी में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना के लिए ऐसे स्थान का चयन किया जाए जो बाढ़ प्रभावित न हो तथा यातायात और संपर्क व्यवस्था की दृष्टि से सुविधाजनक हो। उनका मानना है कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्थायी और सुरक्षित आधारभूत संरचना के निर्माण के लिए बाढ़ मुक्त और उपयुक्त क्षेत्र में बेंच की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।हाइलाकांदी बार एसोसिएशन की ओर से कहा गया कि बराक घाटी के सभी वर्गों के लोगों को न्याय सुलभ कराने के उद्देश्य से इस मांग को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर व्यापक जनआंदोलन भी चलाया जाएगा ।अधिवक्ताओं ने आशा व्यक्त की कि सरकार और संबंधित प्राधिकरण बराक घाटी के लोगों की इस लंबे समय से लंबित एवं न्यायोचित मांग पर सकारात्मक विचार करेंगे तथा शीघ्र ही हाईकोर्ट बेंच की स्थापना के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाएंगे।बराक घाटी के लोगों की इस बहुप्रतीक्षित मांग को लेकर अधिवक्ता समुदाय के साथ साथ आम जनता के बीच भी नई उम्मीद और आशा का संचार हुआ है।