मुख्यमंत्री ने कछार जिले में की पांच नई परियोजनाओं की घोषणा

कछार (असम), 07 सितंबर : मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा का गुरुवार को सिलचर में जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने कछार जिले में एक के बाद एक पांच नई परियोजनाओं की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने काटिगोरा, बरखोला, उदारबंद और सोनाई को नया सब-डिवीजन घोषित किया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि विधानसभा के आगामी सत्र में जीसी कॉलेज, सिलचर को पूर्ण विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उन्हें आज बराक घाटी के सिलचर में महाबीर लाचित बरफूकन की स्मृति में एक विशाल प्रतिमा का आधिकारिक तौर पर उद्घाटन करते हुए बहुत गर्व हो रहा है।
बराक घाटी की सबसे ऊंची प्रतिमा, आहोम सेना के महान कमांडर की स्मृति को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कछार जिले के विकास के लिए पांच नई परियोजनाओं की घोषणा करते हुए ये बातें कही।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार सुबह सिलचर में बराक और सोनाई नदियों पर तीन कंक्रीट पुलों का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने बराक नदी पर पायलापुल और सोनाई को जोड़ने वाले बद्री पुल और सिलचर और बरखोला दुधपतिल को जोड़ने वाले ईटखोलाघाट पुल और सोनाई निर्वाचन क्षेत्र में सोनाई नदी पर बने पक्के पुल का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने घुंगुर में 48 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत डीसी कार्यालय परिसर की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने शिलकुरी में बनने वाले नये कन्वेंशन सेंटर की आधारशिला भी रखी। मुख्यमंत्री ने जिला आयुक्त कार्यालय परिसर में बीर लाचित बरफूकन की नवनिर्मित प्रतिमा का भी अनावरण किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिला खेल संघ मैदान में आयोजित 5वें जल जीवन सम्मेलन में जल जीवन मिशन के तहत 75 जलापूर्ति योजनाओं का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने असम माला परियोजना के तहत 210 करोड़ रुपये की लागत से 21 किलोमीटर लंबी सिलचर-कालाइन सड़क को चार लेन वाली सड़क में अपग्रेड करने की आधारशिला भी रखी।
मुख्यमंत्री ने कछार जिले के विकास के लिए कई नई परियोजनाओं की भी घोषणा की। जिसमें, सिलचर के शिलघाट में बराक नदी पर एक और कंक्रीट पुल का निर्माण भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने सिलचर और दूधपातिल को जोड़ने के लिए सिलचर के मधुराघाट में एक और नए कंक्रीट पुल के निर्माण की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री हिमंत ने कहा कि बराक के लोग परिसीमन से बहुत खुश हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पहले ही शिलचर के पूर्व विधायक दिलीप पाल को वापस लाने के लिए आवेदन कर चुकी है, जिन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सिलचर शहर को यातायात की समस्या से मुक्त करने के लिए तीन नए फ्लाईओवर बनाने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनगर से ट्रंक रोड तक 3 किमी लंबे फ्लाईओवर, कैपिटल प्वाइंट से रांगिरखारी तक 2.3 किमी लंबे फ्लाईओवर और तारापुर शिवबारी रोड पर 1 किमी लंबे एलिवेटेड ओवरब्रिज के निर्माण के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।

Leave a Comment