मार्घेरिटा में भक्ति भजनों से गूंजा मारवाड़ी विवाह भवन, श्रद्धालु देर रात तक रहे भाव-विभोर

भुवनेश्वर प्रसाद, मार्घेरिटा, 26 जून।

मार्घेरिटा लखदातार सेवा समिति के सौजन्य से गुरुवार सायं स्थानीय मारवाड़ी विवाह भवन परिसर में भव्य श्याम बाबा भक्ति भजन संध्या का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे आरंभ हुए इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण तिनसुकिया की सुप्रसिद्ध भजन गायिका नीतू शर्मा रहीं। उन्होंने एक से बढ़कर एक मधुर श्याम भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। भजनों की मनमोहक प्रस्तुति पर महिला-पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरा वातावरण “श्याम बाबा” के जयकारों से गुंजायमान हो गया।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक भास्कर शर्मा सहित मोती शर्मा, शिव कुमार अग्रवाल, दिनेश कुमार अग्रवाल, अरविंद जोशी, मनोज पेरीवाल, पारिक तथा समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने भक्ति संध्या का आनंद लेते हुए आयोजन की सराहना की।

लखदातार सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम का समापन श्याम बाबा की आरती एवं श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Leave a Comment