मारवाड़ी सम्मेलन, शिलचर द्वारा भव्य होली मिलन एवं महिला सम्मान समारोह आयोजित
शिलचर, 8 मार्च: मारवाड़ी सम्मेलन, शिलचर द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आशीर्वाद बैंकेट हॉल में भव्य होली मिलन समारोह, प्रीति भोज एवं महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मारवाड़ी समाज के अनेक परिवारों एवं गणमान्य अतिथियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। पूरे वातावरण में होली की उमंग और नारी शक्ति के सम्मान का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री मूलचंद बैंद, शाखा अध्यक्ष श्री जय बरडिया तथा महिला शाखा अध्यक्षा श्रीमती सुंदरी पटवा द्वारा दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली तीन विशिष्ट महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सांसद श्रीमती सुष्मिता देब, DIG,Southern Region श्रीमती जयश्री खेरषा तथा कछार जिले के उपायुक्त की धर्मपत्नी श्रीमती महक गर्ग शामिल थीं। इन सभी को समाज के प्रति उनकी प्रेरणादायी सेवाओं और योगदान के लिए स्मृति चिन्ह एवं सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राजस्थानी संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। होली चंग की थाप और राजस्थानी गीतों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और सभी ने उत्साहपूर्वक इस सांस्कृतिक माहौल का आनंद लिया।
विशेष आकर्षण के रूप में कार्यक्रम स्थल पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए क्रिकेट विश्व कप फाइनल मैच की बड़ी स्क्रीन पर विशेष स्क्रीनिंग की व्यवस्था भी की गई थी। भारत की ऐतिहासिक जीत की खबर मिलते ही उपस्थित लोगों में हर्ष और उल्लास का वातावरण बन गया और होली उत्सव का आनंद और भी दोगुना हो गया।
मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री मूलचंद बैंद ने अपने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों एवं उपस्थित समाजबंधुओं का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में एकता, सहयोग और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन महिला शाखा की सचिव श्रीमती हीरा अग्रवाल द्वारा किया गया ।
समारोह के अंत में सम्मेलन के सचिव श्री प्रकाश चंद सुराना ने सभी विशिष्ट अतिथियों, सहयोगियों, समाजबंधुओं एवं आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सदस्यों का धन्यवाद वह आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के पश्चात सभी उपस्थित लोगों ने प्रीति भोज का आनंद लिया और आपसी स्नेह, सौहार्द एवं उल्लास के साथ होली मिलन समारोह का समापन हुआ।