मातृ भवन में उत्साहपूर्वक मनाया गया हिंदू साम्राज्य दिवस उत्सव

शिलचर, 27 जून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की नेताजी शाखा, एन.एस. एवेन्यू, शिलचर के तत्वावधान में शनिवार प्रातः मातृ भवन (उत्सव भवन, दास कॉलोनी के समीप) में हिंदू साम्राज्य दिवस उत्सव श्रद्धा, गरिमा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

उत्सव में महानगर बौद्धिक प्रमुख श्री विश्वरूप विश्वास, महानगर व्यवस्था प्रमुख श्री सुजीत दे तथा नेताजी नगर के संघचालक श्री बाणी पद गोस्वामी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का बौद्धिक सत्र नेताजी नगर के बौद्धिक प्रमुख श्री अमल ऋषि ने प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने संबोधन में हिंदू साम्राज्य दिवस के ऐतिहासिक महत्व, राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका, संगठन की कार्यप्रणाली तथा सामाजिक समरसता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का आह्वान भी किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे हुआ। संघ की परंपरा के अनुरूप विभिन्न प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें उपस्थित स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी एवं राष्ट्रभावना को सुदृढ़ करने वाला बताया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment