महाकुंभ 2025 की सुरक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए सीआरपीएफ के डीआईजी उदय प्रताप सिंह सम्मानित
शिलचर, 16 जनवरी: विश्व के सबसे बड़े धार्मिक समागम महाकुंभ 2025, प्रयागराज की सुरक्षा व्यवस्था को सफलतापूर्वक संचालित करने में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए सीआरपीएफ के डीआईजी उदय प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महाकुंभ के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी को डीआईजी उदय प्रताप सिंह ने कुशल नेतृत्व, अनुशासन और प्रभावी रणनीति के साथ निभाया। उनकी योजनाबद्ध कार्यशैली और सतर्क निगरानी के चलते संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था सुचारु एवं सुदृढ़ बनी रही, जिसकी व्यापक सराहना की गई।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में उदय प्रताप सिंह सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र पंडिला में कमांडेंट के पद पर कार्यरत थे। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए विभाग द्वारा कुछ माह पूर्व उन्हें पदोन्नति देकर डीआईजी बनाया गया। वर्तमान में वे सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र, शिलचर (असम) में डीआईजी के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
उनके इस सम्मान से सीआरपीएफ के अधिकारियों, जवानों एवं शुभचिंतकों में हर्ष और गर्व का वातावरण है। सभी ने इसे बल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई दी है।