मकर संक्रांति के दिन अलौकिक घटना, मिट्टी से प्रकट हुई गौरांग महाप्रभु की मूर्ति
हाइलाकांदी जिले में फैली सनसनी
हाइलाकांदी, 16 जनवरी। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर निकाली गई रथयात्रा के दौरान हाइलाकांदी जिले में एक अलौकिक घटना सामने आई है। जिले के सरसपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत बालिकांदी क्षेत्र में भगवान विष्णु के अवतार गौरांग महाप्रभु की मूर्ति मिट्टी के अंदर से प्रकट होने से पूरे इलाके में खलबली मच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में बालिकांदी क्षेत्र में रथयात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान बालिकांदी नाचघर मंदिर के पुरोहित लक्ष्मी प्रसाद वैष्णव ने रथयात्रा के मार्ग में एक स्थान की ओर संकेत करते हुए वहां खुदाई करने की बात कही। बताया जाता है कि पुरोहित लक्ष्मी प्रसाद वैष्णव को कई बार स्वप्न में इस स्थान पर भगवान विष्णु के अवतार गौरांग महाप्रभु की मूर्ति मिट्टी के भीतर होने का संकेत मिला था।
रथयात्रा के दौरान जब स्थानीय लोगों ने बताए गए स्थान पर खुदाई की, तो वहां से अलौकिक रूप से गौरांग महाप्रभु की मूर्ति निकल आई। मूर्ति के प्रकट होते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर जुट गए और पूरे क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बन गई।
इस संबंध में हाइलाकांदी में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में अलगापुर ब्लॉक के उप-सरपंच पिंकी नुनिया के प्रतिनिधि बलिराम नुनिया ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह पूरी घटना धार्मिक आस्था और विश्वास से जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि मूर्ति के प्रकट होने के बाद बालिकांदी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
इस अलौकिक घटना को लेकर हाइलाकांदी जिले भर में गहरी आस्था और उत्सुकता का माहौल है, वहीं प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।