भारत जागो दौड़ में स्वास्थ्य और नशामुक्त समाज का संदेश

प्रीतम दास हाइलाकांदी, ११ सितंबर: स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो भाषण की स्मृति में तथा नशामुक्त स्वस्थ और अनुशासित समाज के निर्माण का संदेश लेकर हाइलाकांदी में ‘भारत जागो दौड़’ मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। क्रीड़ा भारती की हाइलाकांदी जिला समिति के तत्वावधान में आयोजित इस दौड़ में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।गुरुवार सुबह बेसिक चौमाथा से ‘भारत जागो दौड़’ का शुभारंभ हुआ और दौड़ लक्ष्मीबंद में जाकर समाप्त हुई। कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती के प्रांत अध्यक्ष सोनू भट्टाचार्य तथा क्षेत्र संगठन मंत्री मनोज मोहांती उपस्थित रहे।लगभग १८ वर्ष के युवक युवतियों के साथ साथ ६५ वर्ष से अधिक आयु के एक बुजुर्ग प्रतिभागी ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। वे शहर के लक्ष्मीशहर निवासी बनमाली पाल हैं। उम्र को मात देते हुए उन्होंने पूरी तरह स्वस्थ अवस्था में दौड़ पूरी की और उपस्थित लोगों की खूब प्रशंसा बटोरी।मिनी मैराथन के पुरुष एवं महिला वर्ग में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल छह प्रतिभागियों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में अभिजीत दास ने प्रथम सागर दास ने द्वितीय तथा सुहेल अहमद बरभुइयां ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में तुली पाल प्रथम प्रियतमा पाल द्वितीय तथा पायल कानु तृतीय स्थान पर रहीं।आयोजकों की ओर से प्रतिभागियों के लिए पेयजल के साथ साथ चने मूंग मटर और केले जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों की भी व्यवस्था की गई थी। इसके माध्यम से शारीरिक व्यायाम के साथ स्वस्थ जीवनशैली के महत्व का संदेश भी दिया गया।क्रीड़ा भारती की जिला समिति के सदस्यों ने बताया कि आगामी दिनों में हाइलाकांदी के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल एवं जनसहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से दूर रखना स्वास्थ्य एवं अनुशासन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में जागरूकता का संदेश पहुंचाना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।

Leave a Comment