भाटीग्राम में अवतार श्री रामकृष्ण के 191वें जन्मोत्सव का भव्य आयोजन
उधारबंद से निहार कांति राय, प्रेरणा भारती
उधारबंद के भाटीग्राम स्थित रामकृष्ण शारदा सेवाश्रम में गुरुवार को अवतार रामकृष्ण परमहंस के 191वें जन्मतिथि समारोह का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण में किया गया। दिनभर चले इस कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः मंगला आरती से हुई।
इस अवसर पर ठाकुर, मां शारदा देवी और स्वामी स्वामी विवेकानंद की विधिवत पूजा-अर्चना, पाठ और यज्ञ का आयोजन किया गया।
पूर्वाह्न 11 बजे जन शिक्षण संस्थान, शिलचर के सहयोग से तथा उधारबंद श्री रामकृष्ण शारदा सेवा समिति के प्रबंधन में संचालित ड्रेस मेकिंग एवं कटिंग प्रशिक्षण प्राप्त प्रशिक्षार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। यह वितरण समारोह आश्रम परिसर में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जन शिक्षण संस्थान की निदेशक मौसमी चक्रवर्ती ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त कौशल को आत्मनिर्भरता की दिशा में उपयोग कर जीवन में आगे बढ़ना चाहिए।
समिति के वर्तमान अध्यक्ष देवतोष सेन, पूर्व अध्यक्ष सोमनाथ देव, वरिष्ठ शिक्षक शरदिंदु भट्टाचार्य, सुलेखा दास एवं रमा सोम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने प्रशिक्षार्थियों को प्रमाणपत्र को सार्थक बनाते हुए स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि मौसमी चक्रवर्ती, अध्यक्ष देवतोष सेन, पूर्व अध्यक्ष सोमनाथ देव एवं सचिव किशोर भट्टाचार्य सहित अन्य अतिथियों ने प्रशिक्षार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। सचिव किशोर भट्टाचार्य ने स्वागत भाषण में बताया कि भविष्य में समिति द्वारा चिकित्सा सेवा प्रारंभ करने की भी योजना है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षिका ममता घोष सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। दोपहर एक बजे से प्रसाद वितरण प्रारंभ हुआ, जिसमें लगभग एक हजार भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। सायंकाल संध्या आरती आयोजित की गई। इस अवसर पर समिति के पूर्व अध्यक्ष हरिहर चक्रवर्ती ने ठाकुर के जीवन एवं संदेश पर विस्तृत प्रकाश डाला।
आध्यात्मिक भावनाओं से ओतप्रोत इस कार्यक्रम के साथ समारोह का समापन हुआ।