शिलचर, 1 अगस्त। काछार जिले के धोलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत भागा बाजार स्थित मणिपुरी मार्केट में कथित रूप से अवैध चिकित्सा गतिविधियों के संचालन के आरोप में एक व्यक्ति को धोलाई पुलिस ने हिरासत में लिया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान प्रताप सिंह (धरेन सिंह) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे धलाई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके कथित चिकित्सा केंद्र से हिरासत में लिया। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम ने उक्त केंद्र पर निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया था।
आरोप है कि संबंधित व्यक्ति बिना वैध पंजीकरण तथा आवश्यक चिकित्सकीय प्रमाणपत्रों के मरीजों का उपचार कर रहा था। साथ ही, चिकित्सकीय नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना विधिवत पर्चे के दवाएं भी वितरित एवं बेची जा रही थीं।
इस बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद मामला व्यापक चर्चा का विषय बन गया। वायरल वीडियो में एक बच्चे के कथित गलत उपचार का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की सत्यता की पुष्टि अभी नहीं हुई है और संबंधित विभाग तथा प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रकरण की जांच जारी है तथा जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मामलों में प्रशासन लगातार सतर्कता बरत रहा है और बिना वैध अनुमति चिकित्सा गतिविधियां संचालित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।