बोड़खोला में भाजपा की ऐतिहासिक सभा, कौशिक राय ने किया जीत का दावा — “40 हजार से अधिक मतों से जीतेंगे किशोर नाथ”

बोड़खोला में भाजपा की ऐतिहासिक सभा, कौशिक राय ने किया जीत का दावा — “40 हजार से अधिक मतों से जीतेंगे किशोर नाथ”
‘शिव कुमार,बोड़खोला विधानसभा क्षेत्र के भोराखाई चाय बागान स्थित जगन्नाथ भवन में आयोजित एक विशाल चुनावी सभा में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कौशिक राय ने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा की नीतियों, विकास कार्यों और आगामी चुनावी रणनीति को विस्तार से रखा। सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल उत्साहपूर्ण और जोशीला नजर आया।
इस अवसर पर मंच पर कई प्रमुख नेता मौजूद थे, जिनमें जम्मू-कश्मीर से आए विधायक दिलीप सिंह परिहार, मंडल सभापति मानव सिंह, बोड़खोला क्षेत्र के जिला परिषद चेयरमैन ककण नारायण सिकदार, जिला परिषद सदस्य सरस्वती रविदास और जीपी प्रेसिडेंट अनिल दत्त सहित अन्य गणमान्य अतिथि शामिल रहे।
अपने संबोधन में कौशिक राय ने कहा कि सुबह से ही पूरे क्षेत्र में भाजपा के प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि यह बैठक सातवीं सभा है, लेकिन हर सभा के साथ जनता का समर्थन और भी बढ़ता जा रहा है। उन्होंने इसे “ऐतिहासिक माहौल” बताते हुए कहा कि सुबह 7 बजे से 9 बजे तक ऐसा कोई स्थान नहीं था, जहां भाजपा के समर्थन की लहर न दिखी हो।
उन्होंने बोड़खोला के भाजपा प्रत्याशी किशोर नाथ के प्रति जनता के विश्वास को रेखांकित करते हुए दावा किया कि आगामी चुनाव में उनकी जीत 40,000 से अधिक मतों के अंतर से सुनिश्चित है। कौशिक राय ने कहा कि 2016 से 2021 के बीच किशोर नाथ के नेतृत्व में क्षेत्र में जो विकास हुआ, उसने बोड़खोला की तस्वीर बदल दी है और आने वाले समय में विकास की गति और तेज होगी।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बोड़खोला को कछार जिले ही नहीं, बल्कि पूरे बराक घाटी का एक महत्वपूर्ण केंद्र बताया और कहा कि इस क्षेत्र का विकास पूरे इलाके की प्रगति से जुड़ा हुआ है।
कौशिक राय ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले पांच वर्षों में लगातार मेहनत कर राज्य को नई दिशा दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री को “दिन-रात काम करने वाला नेता” बताते हुए कहा कि उन्होंने राज्य के करोड़ों लोगों का विश्वास जीता है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और भाजपा के प्रति जनता के बढ़ते भरोसे का भी उल्लेख किया।
सभा के दौरान उन्होंने “जगन्नाथ मंडप योजना” को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि पहले चाय बागान के श्रमिकों के लिए शादी, पूजा या अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करना आर्थिक रूप से कठिन होता था। लेकिन अब सरकार द्वारा विभिन्न स्थानों पर बनाए गए “जगन्नाथ मंडप” ने गरीब और मजदूर परिवारों को बड़ी राहत दी है। कछार जिले में ही लगभग 40 ऐसे मंडप बनाए गए हैं, जहां लोग आसानी से अपने सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यही भाजपा सरकार की पहचान है — ऐसी योजनाएं जो सीधे आम जनता के जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाती हैं।
अंत में कौशिक राय ने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि वे आगामी चुनाव में भाजपा को और मजबूत करें तथा किशोर नाथ को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि विकास की यह गति लगातार जारी रह सके।

Leave a Comment