अनिल मिश्र/पटना
बिहार प्रदेश के धार्मिक, अध्यात्मिक, पौराणिक एवं ऐतिहासिक नगरी गयाजी शहर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक साधारण ई-रिक्शा चालक के बैंक खाते में अचानक अरबों रुपये आ गए। दरअसल शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के बागेश्वरी मोहल्ले के रहने वाले शिव कुमार पटेल के मोबाइल पर जब बैंक का मैसेज आया, तो उसमें उपलब्ध शेष राशि ₹7,596,951,951.16 (सात अरब, उन्सठ करोड़, छियानवे लाख, इक्यावन हजार, नौ सौ इक्यावन रुपये और सोलह पैसे) दिखा रहा था। इतनी बड़ी रकम देखकर न सिर्फ खाताधारक का दिमाग हिल गया, बल्कि पूरे मोहल्ले और घर में इस बात की चर्चा आग की तरह फैल गई। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना सहित विधवा पेंशन , योजना , निशक्त पेंशन योजना, विकलांग पेंशन योजना आदि के लिए एक दिन पहले डीबीटी के माध्यम से लाभुकों को पेंशन जारी करने के बाद अपने
ग्यारह सौ रुपए पेंशन निकालने के लिए यह बुजुर्ग अपने खाता वाले बैंक गये और एक हजार रुपए निकाल कर घर आ गए। उसके बाद वह तो मोबाइल पर मैसेज देखकर भौंचक रह गए। दरअसल
शिव कुमार पटेल एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वहीं ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वे सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत वृद्धावस्था पेंशनभोगी भी हैं। कल शनिवार को वे अपनी पेंशन की राशि निकालने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के बागेश्वरी मोहल्ले में स्थित सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) पर गए थे। उन्होंने वहां बायोमेट्रिक माध्यम से 1,100 की निकासी की, जिसके तुरंत बाद उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर बैलेंस का यह हैरान कर देने वाला मैसेज आया।बैंक मैनेजर ने खाताधारक को सोमवार को शाखा में आने के लिए कहा है, जिसके बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठ सकेगा। फिलहाल यह मामला पूरे शहर में कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग असमंजस में हैं कि आखिर एक गरीब ई-रिक्शा चालक के खाते में इतनी बड़ी रकम किसने और क्यों ट्रांसफर की, या फिर यह पूरी घटना बैंक के सिस्टम में आई किसी गंभीर तकनीकी खराबी (Technical Glitch) का नतीजा है।