एबी फाइटर्स को हराकर शिलचर वॉरियर्स बना चैंपियन
शिलचर, 12 सितंबर। बागमारा खेल मैदान में उत्सवपूर्ण माहौल के बीच शिलचर मॉनसून प्रीमियर लीग (SMPL) के 11-ए-साइड क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला संपन्न हुआ। नौ टीमों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल में एबी फाइटर्स को पराजित कर शिलचर वॉरियर्स ने चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले का उद्घाटन बड़खोला के विधायक किशोर नाथ के पुत्र करण नाथ ने किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद प्रतीकात्मक रूप से बल्ला चलाकर मुकाबले की शुरुआत की।
टॉस जीतकर शिलचर वॉरियर्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एबी फाइटर्स ने निर्धारित ओवरों में 146 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिलचर वॉरियर्स की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 147 रन बनाकर रोमांचक जीत दर्ज की और ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बैगमारा मैदान में बड़ी संख्या में दर्शक और क्रिकेटप्रेमी पहुंचे। पूरे मैच के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। मॉनसून प्रीमियर लीग कमेटी की सुव्यवस्थित व्यवस्था के बीच टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल रहा।