बदरपुर घाट में 13 करोड़ रुपये का मॉर्फिन जब्त, एक गिरफ्तार

श्रीभूमि-कछार पुलिस और 38 असम राइफल्स की संयुक्त कार्रवाई, बोलेरो के गुप्त कक्ष से 8.224 किलो मॉर्फिन बरामद

बदरपुर, 10 अगस्त: श्रीभूमि पुलिस, कछार पुलिस और 38 असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह कछार जिले के बदरपुर घाट में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 13 करोड़ रुपये मूल्य का मॉर्फिन बरामद किया। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर बदरपुर घाट इलाके में अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान एक बोलेरो वाहन के ईंधन टैंक में बनाए गए गुप्त कक्ष से 8.224 किलोग्राम मॉर्फिन बरामद किया गया।

कार्रवाई के दौरान पांचग्राम निवासी डोला राजा को गिरफ्तार किया गया। अभियान के समय श्रीभूमि जिले की पुलिस अधीक्षक लीना दले सहित दोनों जिलों के पुलिस अधिकारी और 38 असम राइफल्स के अधिकारी मौके पर मौजूद थे।

श्रीभूमि की पुलिस अधीक्षक लीना दले ने बताया कि जब्त किए गए मॉर्फिन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 13 करोड़ रुपये है।

बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और इसके पीछे शामिल अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Comment