चालक समेत कई की हालत गंभीर, सिलचर मेडिकल कॉलेज रेफर
प्रेरणा भारती संवाददाता, उधारबंद, 23 जून:
उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के बड़ासिंगा चाय बागान इलाके में सोमवार शाम एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से लगभग 20 से 25 श्रमिक घायल हो गए। सभी घायल श्रमिक पलईरबंद चाय बागान के निवासी बताए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रमिकों को लेकर बस काम समाप्त होने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान बड़ासिंगा बागान क्षेत्र में चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक सहित कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को उधारबंद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल श्रमिकों और चालक को बेहतर चिकित्सा के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही उधारबंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार बस के अनियंत्रित हो जाने के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
इस दुर्घटना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है तथा स्थानीय लोगों ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।