बड़खोला विधानसभा सीट से टिकट की मांग को लेकर भाजपा नेता भोलानाथ यादव ने दिया आवेदन
बड़खोला | संवाददाता
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं पुराने कार्यकर्ता भोलानाथ यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बड़खोला विधानसभा क्षेत्र से पार्टी टिकट की औपचारिक मांग की है। इस क्रम में उन्होंने आज भाजपा कछार जिला अध्यक्ष रूपम साहा सहित क्षेत्र के चारों मंडल अध्यक्षों को लिखित आवेदन पत्र सौंपा।
भोलानाथ यादव भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने पार्टी के लिए कठिन और संघर्षपूर्ण दौर में लगातार कार्य किया है। पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए उन्होंने जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाई और आंदोलनों के दौरान जेल भी जाना पड़ा। वर्षों से पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण क्षेत्र में सर्वविदित है।
आवेदन पत्र के माध्यम से भोलानाथ यादव ने आशा व्यक्त की है कि पार्टी नेतृत्व उनके लंबे राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक योगदान और संघर्षपूर्ण इतिहास को ध्यान में रखते हुए उन्हें बड़खोला विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें उम्मीदवार बनाती है, तो वे बड़खोला की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के विकास और जनसेवा को प्राथमिकता देंगे।
इस अवसर पर भाजपा के कई स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक भी उपस्थित रहे। उनके समर्थकों का मानना है कि भोलानाथ यादव को टिकट मिलने से पार्टी को बड़खोला क्षेत्र में मजबूती मिलेगी और संगठन और अधिक सशक्त होगा।
फिलहाल, भाजपा संगठन की ओर से उम्मीदवार चयन प्रक्रिया जारी है और अंतिम निर्णय पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा।