उधारबंद से 2026 चुनाव के लिए मंजुल देव ने मांगा टिकट
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और शिलचर विकास प्राधिकरण के पूर्व चेयरमैन मंजूल देव ने 2026 के असम विधानसभा चुनाव में उधारबंद सीट से प्रत्याशी बनने के लिए आवेदन किया है। उन्होंने भाजपा कछार जिला अध्यक्ष रूपम साहा को औपचारिक रूप से आवेदन पत्र सौंपा।
बुधवार को शिलचर में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में मंजीुल देव ने कहा कि वे 1988 से भाजपा से जुड़े हैं और पार्टी में विभिन्न संगठनात्मक व प्रशासनिक दायित्व सफलतापूर्वक निभा चुके हैं। वर्ष 2016 और 2021 के विधानसभा चुनावों में उधारबंद के प्रभारी के रूप में कार्य करते हुए पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित हुई थी।
उन्होंने बताया कि शिलचर विकास प्राधिकरण के चेयरमैन के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान संस्था को घाटे से निकालकर लाभ की स्थिति में पहुंचाया गया और कार्यकाल समाप्ति के समय प्राधिकरण के कोष में लगभग 10 करोड़ रुपये शेष थे।
मंजूल देव ने कहा कि यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वे उधारबंद के समग्र विकास, मास्टर प्लान, शहरी विस्तार, उद्योग स्थापना और पर्यटन विकास पर विशेष ध्यान देंगे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व और जनता का आशीर्वाद मिलने को लेकर आशा व्यक्त की।