हाइलाकांडी, 17 जून (सौरजीत धर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशव्यापी जनसंवाद एवं जनमत संग्रह अभियान के तहत करीमगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद कृपानाथ मल्लाह ने मंगलवार को हाइलाकांडी में विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट नागरिकों से संवाद किया।
अभियान के अंतर्गत सांसद ने शहर के शिक्षाविदों, समाजसेवियों, व्यवसायियों, सांस्कृतिक हस्तियों तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों से उनके आवासों पर जाकर मुलाकात की और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं के प्रभाव पर उनकी राय जानी।
संवाद के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तिकरण, युवा कल्याण, डिजिटल सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा तथा आधारभूत संरचना विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। सांसद ने यह जानने का प्रयास किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक किस सीमा तक पहुंच रहा है तथा उनके क्रियान्वयन में किन सुधारों की आवश्यकता है।
इस अवसर पर सांसद कृपानाथ मल्लाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की प्रत्यक्ष प्रतिक्रिया को सर्वोच्च महत्व देती है और इसी उद्देश्य से देशभर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि योजनाओं के वास्तविक प्रभाव का आकलन जनता की राय के आधार पर किया जाए। लोगों के सुझावों और अनुभवों से ही विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।”
संवाद में शामिल गणमान्य व्यक्तियों ने शिक्षा व्यवस्था के आधुनिकीकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, रोजगार सृजन, लघु एवं मध्यम उद्योगों के विकास, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण से जुड़े विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए। साथ ही सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को अधिक पारदर्शी, त्वरित और जनहितैषी बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रतिभागियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के बीच इस प्रकार का सीधा संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएगा तथा विकास योजनाओं को जन अपेक्षाओं के अनुरूप बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में सांसद के साथ हाइलाकांडी जिला भाजपा अध्यक्ष कल्याण गोस्वामी, समाजसेवी राजकुमार भर सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।