प्रतीक्षा बिनायकिया के प्रथम जन्मदिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 21 यूनिट रक्त संग्रहित। मारवाड़ी युवा मंच लखीपुर शिखर कख शपथ ग्रहण समारोह संपन्न।

चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर। 12 जुलाई :—– कछाड़ जिले के लखीपुर क्षेत्र के फुलेरतल में रविवार को प्रतीक्षा बिनायकिया के प्रथम जन्मदिवस के अवसर पर समाज सेवा को समर्पित एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 21 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा।

रक्तदान शिविर का आयोजन समता युवा संघ, लखीपुर, मारवाड़ी युवा मंच, लखीपुर शिखर तथा मारवाड़ी सम्मेलन, लखीपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। शिविर के सफल संचालन में सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

   प्रतीक्षा बिनायकिया के माता-पिता हेमंत बिनायकिया और प्रियंका बिनायकिया ने अपनी पुत्री का पहला जन्मदिवस सामाजिक सेवा को समर्पित करते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन कर समाज के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। इस मानवीय पहल की उपस्थित अतिथियों, रक्तदाताओं और स्थानीय लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की।

इसी अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, लखीपुर शिखर का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। समारोह में मंडलीय उपाध्यक्ष हरीश कबरा तथा सहायक मंत्री मंदाक्ष गुलगुलिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।

वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी ने पदभार ग्रहण किया। इसमें अमरीश बराड़िया ने अध्यक्ष, गौरव बिनायकिया ने सचिव तथा विशाल भूरा ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ली।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, युवा कार्यकर्ताओं और रक्तदाताओं ने भाग लेकर मानव सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और एकता का संदेश दिया। अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं तथा सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment