दुमदुमा प्रेरणा भारती 11 जुलाई :- असम जातियतावादी युवा छात्र परिषद की दुमदुमा आंचलिक समिति के सौजन्य से आज एक विशेष शैक्षिक यात्रा का शुभारंभ किया गया । ‘हमारा विद्यालय, हमारा गौरव’ ( आमार विद्यालय, आमार गौरव ) शीर्षक नाम के इस शैक्षिक यात्रा के बारे में समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य अंचल के शैक्षिक माहौल को बेहतर बनाना है। आज इस कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन दुमदुमा जातीय विद्यालय में किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान, इस वर्ष हाई स्कूल शिक्षांत परीक्षा में पास करने वाले होनहार छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, वर्तमान में नौवीं और दसवीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने और उन्हें भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से परिषद की तरफ से उपहार के रूप में एक-एक पेन और एक-एक नोटबुक दी गई। आज के इस कार्यक्रम में वीर राघव मोरान सरकारी आदर्श महाविद्यालय के प्राचार्य
डॉ. अमरजीत सैकिया और वरिष्ठ समाजसेवी सुजीत कुमार बरुआ ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र दिए और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। असम जातियतावादी युवा छात्र परिषद की दुमदुमा आंचलिक समिति के सभापति हीरक ज्योति मोरान की अध्यक्षता और सचिव छत्रपति मोरान के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में असम जातियतावादी युवा छात्र परिषद की केंद्रीय समिति के सहायक सचिव सुरजीत मोरान , तिनसुकिया जिला समिति के सचिव कल्याण ज्योति मोरान , खेल सचिव जीतुल सोनोवाल , जातीय महिला परिषद की तिनसुकिया जिला समिति की सचिव पूर्वी तालुकदार , दुमदुमा जातीय विद्यालय की प्रधानाचार्या सुरभि मोरान, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अर्जुन बरुआ, सदस्य क्रमशः अनुज कलिता, मनोज दत्त और बीरेन शर्मा सहित अंचल के कई गणमान्य व्यक्ति, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और नौवीं व दसवीं कक्षा के विद्यार्थी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में परिषद की दुमदुमा आंचलिक समिति की ओर से दुमदुमा जातीय विद्यालय को दो पंखे भेंट किए गए। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के शैक्षणिक कदम जारी रहेंगे ।