पूर्व सैनिकों के सम्मान में असम राइफल्स का विशेष जनसंपर्क एवं चिकित्सा सहायता शिविर आयोजित

प्रे.स. पैलापूल, 19 जून। राष्ट्र की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए असम राइफल्स ने पाइलापूल में एक विशेष पूर्व सैनिक (ईएसएम) जनसंपर्क कार्यक्रम एवं चिकित्सा सहायता शिविर का आयोजन किया।

कार्यक्रम में 28 पूर्व सैनिकों के साथ उनकी 18 महिला एवं बाल परिवारजन ने भाग लिया। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने असम राइफल्स के अधिकारियों एवं जवानों के साथ कल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा सामुदायिक सहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

शिविर के अंतर्गत पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श तथा चिकित्सा सहायता प्रदान की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई, जिससे उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित हो सके।

यह कार्यक्रम सेवारत सैनिकों और पूर्व सैनिकों के बीच आपसी संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बना। साथ ही, देश की सुरक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में पूर्व सैनिकों द्वारा दिए गए अमूल्य योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण करते हुए उनके कल्याण के प्रति असम राइफल्स की निरंतर प्रतिबद्धता को भी पुनः रेखांकित किया गया।

Leave a Comment