असम प्रदेश युवा यादव महासभा की महत्वपूर्ण बैठक 21 जून को

प्रे. स. शिलचर, 19 जून: असम प्रदेश युवा यादव महासभा ने बराक घाटी के तीनों जिलों के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं को 21 जून 2026 (रविवार) को आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने का आह्वान किया है। यह बैठक प्रातः 11 बजे मेहेरपुर स्थित सगुण विवाह भवन सभागार में आयोजित होगी।

महासभा के अध्यक्ष भोलानाथ यादव द्वारा जारी सूचना के अनुसार बैठक में हाल ही में आयोजित विधायक राजदीप ग्वाला के सम्मान समारोह के बाद बिना पूर्व सूचना एवं व्यापक परामर्श के असम प्रदेश यादव महासभा की नई समिति के गठन के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही कथित समिति गठन को लेकर समाज में उत्पन्न असंतोष एवं भ्रम की स्थिति के समाधान पर भी विचार-विमर्श होगा।

बैठक में प्रदेश महासभा के पारदर्शी, सुचारु एवं प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक सुझावों एवं भावी कार्ययोजना पर चर्चा किए जाने के अलावा समाजहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार किया जाएगा।

महासभा ने सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं से समय पर उपस्थित होकर अपने सुझाव एवं विचार रखने तथा बैठक की सफलता में योगदान देने की अपील की है। अध्यक्ष भोलानाथ यादव ने कहा कि समाज के हित में एकजुटता और संवाद को मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है।

Leave a Comment