हाइलाकांदी, 19 सितंबर। हाइलाकांदी के पांचग्राम स्थित धलेश्वर प्वाइंट इलाके में पूर्व विधायक निजामुद्दीन चौधरी के कब्जे में बताई जा रही सरकारी जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
शनिवार को विधायक डॉ. मिलन दास की मौजूदगी में जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों और सर्किल अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया। इस दौरान संबंधित जमीन की पहचान करने के साथ सरकारी भूमि के सीमांकन और उसे कब्जामुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
बताया गया है कि उक्त सरकारी जमीन पर लंबे समय से कब्जा होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जमीन को सरकारी संपत्ति के रूप में चिह्नित कर उसे अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू की गई।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। प्रशासन की आगे की कार्रवाई और जमीन के सीमांकन की प्रक्रिया पर स्थानीय लोगों की नजर बनी हुई है।