पुरुषोत्तम मास में श्री जानकी वल्लभ मंदिर, दिसपुर में संगीतमय अखण्ड रामचरितमानस पाठ संपन्न

पुरुषोत्तम मास में श्री जानकी वल्लभ मंदिर, दिसपुर में संगीतमय अखण्ड रामचरितमानस पाठ संपन्न

विशेष प्रतिनिधि गुवाहाटी, 3 जून। विशेष परम पावन पुरुषोत्तम मास (मलमास) के शुभ अवसर पर दिसपुर स्थित श्री जानकी वल्लभ मंदिर में 30 एवं 31 मई 2026 को आयोजित दो दिवसीय संगीतमय अखण्ड श्रीरामचरितमानस पाठ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर रामभक्ति की अलौकिक अनुभूति प्राप्त की।

अनुष्ठान का शुभारम्भ मंदिर के प्रतिष्ठापक अशोक अग्रवाल ‘भूत’ तथा वरिष्ठ समाजसेवी काशीराम शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत आचार्य पं. गोपाल जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संकल्प सम्पन्न कराया और विद्वानों एवं भक्तजनों की सहभागिता से अखण्ड रामचरितमानस पाठ आरम्भ हुआ।

30 मई को सायं 4 बजे प्रारम्भ हुआ यह पावन अनुष्ठान 31 मई को सायं 6 बजे विधिवत विश्राम को प्राप्त हुआ। इस दौरान दिसपुर एवं गुवाहाटी के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने श्रीराम नाम संकीर्तन, मानस पाठ, भजन-कीर्तन तथा धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।

समापन अवसर पर आरती, पुष्पांजलि एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। भक्तों ने पुरुषोत्तम मास की महिमा का स्मरण करते हुए भगवान श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की तथा धर्म और सत्संग के महत्व को आत्मसात किया। उपस्थित श्रद्धालुओं का उत्साह ऐसा था कि मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा और वातावरण अयोध्या धाम की भक्ति-रसपूर्ण छटा का आभास करा रहा था।

मंदिर परिवार की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, पुण्यदाताओं, सेवाभावी कार्यकर्ताओं एवं भक्तजनों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। आयोजन का संचालन मंदिर के पुरोहित वर्ग के नेतृत्व में हुआ। आचार्य पं. गोपाल जी ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम की भक्ति, सत्संग और धर्ममार्ग मानव जीवन में सद्भाव, नैतिकता तथा आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।

अंत में मंदिर प्रबंधन समिति ने सभी भक्तों एवं सहयोगकर्ताओं को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भगवान श्रीराम से सभी के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

Leave a Comment