शिलचर में युवा शक्ति क्लब की सराहनीय पहल, ग्रामीणों की सुविधा के लिए बनाया बांस का पुल
विशेष प्रतिनिधि शिलचर, 3 जून: सामाजिक दायित्व निभाने और जनसेवा के उद्देश्य से कार्यरत युवा शक्ति क्लब पिछले तीन महीनों से विभिन्न समाजसेवी गतिविधियों को निरंतर संचालित कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार को क्लब ने एक और उल्लेखनीय पहल करते हुए स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान किया।
आश्रम रोड स्थित कीर्तन मैदान के समीप श्री श्री महाप्रभु लेन के अंतिम छोर पर नाले के पार लगभग 100 से 150 परिवार निवास करते हैं। लंबे समय से इस क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी।
स्थानीय निवासियों द्वारा समस्या से अवगत कराए जाने पर युवा शक्ति क्लब के सदस्य मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद क्षेत्रवासियों की परेशानी दूर करने के लिए क्लब की पहल तथा सदस्यों के सहयोग से एक बांस का पुल निर्मित किया गया, जिससे लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाना ही संगठन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने सभी नागरिकों से सहयोग और आशीर्वाद की अपेक्षा करते हुए कहा कि भविष्य में भी क्लब समाज कल्याण के कार्यों को जारी रखेगा।
युवा शक्ति क्लब का ध्येय वाक्य है — “मानव सेवा, समाज कल्याण।”