करीमगंज, 21 जून। केंद्रीय विद्यालय संगठन के तत्वावधान में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, करीमगंज में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में प्रातः 6:30 बजे आयोजित योग शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्रीड़ा भारती संस्था के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए और सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए योग के महत्व से अवगत कराया।
योग सत्र का संचालन कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार टीजीटी (शारीरिक एवं स्वास्थ्य शिक्षा) विषांक तिवारी तथा योग प्रशिक्षक राजर्षि राय के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतिभागियों ने उनके निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाना था।
इस अवसर पर अनेक विद्यार्थियों ने “योग फॉर हेल्दी एजिंग” विषय पर आयोजित गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स प्रयास में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा 9 की छात्रा शारन्या सरदार ने किया। उन्होंने विभिन्न योगासनों के महत्व तथा उनके दैनिक जीवन में व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी। इस अवसर पर पीजीटी रसायन विज्ञान सपना पांडेय तथा टीजीटी हिंदी शशिकांत सैनी ने योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य महेंद्र सिंह ने योग एवं योगिक जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल एक शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ, शांतिपूर्ण और तनावमुक्त जीवन का आधार है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया तथा नियमित रूप से योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।