पाथारकांदी कॉलेज में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन

गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 3 नवंबर: श्रीभूमि जिले के मेरा युवा भारत के तत्वावधान में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के अंतर्गत सोमवार को पाथारकांदी कॉलेज में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद’ का सफल आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय विषय ‘एक देश, एक चुनाव’ पर आधारित इस संसदीय सिमुलेशन कार्यक्रम में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 140 युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में युवा प्रतिभागियों ने देशभर में एक साथ चुनाव कराने की अवधारणा, इसके संभावित लाभ तथा इससे जुड़े संरचनात्मक सुधारों पर तर्कपूर्ण एवं तथ्यपरक विचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडली ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनके वक्तव्य, तथ्यों की प्रासंगिकता, विचारों की स्पष्टता, अभिव्यक्ति शैली, रचनात्मक सोच, भाषा एवं समय प्रबंधन के आधार पर किया।

मूल्यांकन के बाद रेजाउल इस्लाम चौधरी ने प्रथम, धृति मुखर्जी ने द्वितीय तथा साबिरा बेगम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी गौरव पांथी ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए लगातार नई पहल कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

ये तीनों विजेता आगामी राज्य स्तरीय युवा संसद चैंपियनशिप में श्रीभूमि जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

युवाओं में नागरिक चेतना, लोकतांत्रिक समझ एवं नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम का समापन विजेताओं एवं अन्य प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर किया गया।

Leave a Comment