पति के मौत की खबर सुनकर पत्नी के भी प्राण पखेरू उड़े , दोनों की एक साथ अर्थी सजी 

अनिल मिश्र/पटना 14 फरवरी: रामसजीवन सिंह और उनकी पत्नी कौशल्या देवी ने पूरे जीवन एक-दूसरे का साथ निभाया और अंत भी चिता भी साथ साथ ही जली। इस संबंध में बताया जा रहा है कि रामसजीवन सिंह अचानक गिर गए थे और उन्हें हल्की चोट आई थी। जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी कौशल्या देवी ने भी दुनिया छोड़ दी।
दरअसल बिहार प्रदेश के  रोहतास जिले से एक भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां पति-पत्नी ने एक साथ दुनिया को अलविदा कह दिया। उनका अंतिम संस्कार भी एक ही चिता पर किया गया, जिसे देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। पूरा मामला रोहतास जिले के काराकाट प्रखंड के सुल्तानपुर गांव का है। कल रामसजीवन सिंह और कौशल्या देवी की एक साथ मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार के दौरान हर किसी की आंखें नम थीं। ग्रामीणों ने कहा कि वे भाग्यशाली थे, जो जीवनभर साथ रहने के बाद मृत्यु के सफर पर भी साथ ही निकले। इन  दोनों की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसर गया।
परिजनों ने फैसला किया कि उनका अंतिम संस्कार भी एक साथ किया जाएगा। गांव के श्मशान घाट पर दोनों की चिता तैयार की गई और बेटे मनोज कुमार सिंह ने दोनों पति पत्नी को मुखाग्नि दी। इधर गांव वालों का कहना है कि दोनों हमेशा एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी रहे। उनका प्रेम और एक-दूसरे के प्रति समर्पण देखने लायक था। ग्रामीणों ने इसे सच्चे प्रेम का उदाहरण बताया और अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

Leave a Comment