पंचायत चुनाव 2025: मजबूत चुनावी तंत्र सक्रिय, उपायुक्त मृदुल यादव ने कछार जिले की व्यापक तैयारियों की दी जानकारी

शिलचर, 19 अप्रैल: काछार जिला उपायुक्त कार्यालय के नए सम्मेलन कक्ष में शनिवार को आयोजित एक विस्तृत प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त मृदुल यादव ने पंचायत चुनाव 2025 के सफल आयोजन हेतु जिले की तैयारियों का खाका मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, समावेशी और स्वतंत्र चुनाव कराना है, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों की पूर्ण रूप से अभिव्यक्ति हो।

उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में जिले में कुल 10,60,155 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 5,31,661 पुरुष, 5,28,479 महिलाएं और तीसरे लिंग के 15 मतदाता शामिल हैं। मतदान को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु जिले में कुल 1,706 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 1,620 केंद्र कछार जिले के अंतर्गत आते हैं और 86 सहायक मतदान केंद्र हैं। लक्षीपुर उपमंडल में 310 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिनमें 6 सहायक केंद्र होंगे।

गौरतलब है कि प्रशासन ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु 274 मतदान केंद्रों को पूरी तरह महिला अधिकारियों के माध्यम से संचालित करने का निर्णय लिया है, जिनमें से 19 केंद्र लक्षीपुर उपमंडल में होंगे। साथ ही जिले में 490 मतदान केंद्रों को ‘P-2’ श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है।

प्रेस वार्ता में पंचायत राज की तीनों स्तरीय संस्थाओं के लिए नामांकन की स्थिति भी साझा की गई। जिला परिषद स्तर पर 64 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं, जिनमें से दो उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं और किसी भी नामांकन को खारिज नहीं किया गया है। अंचलिक पंचायत सदस्य पद के लिए 381 वैध नामांकन प्राप्त हुए हैं, जबकि 13 नामांकन अस्वीकृत हुए और 35 उम्मीदवार निर्विरोध विजयी हुए हैं। ग्राम पंचायत सदस्य स्तर पर कुल 4,051 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जबकि 106 नामांकन खारिज हुए हैं और 319 उम्मीदवार बिना मुकाबले चुने गए हैं।

चुनाव प्रक्रिया की निगरानी हेतु 25 जोनल अधिकारी और 125 सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है। लॉजिस्टिक व्यवस्था के तहत रामनगर स्थित आईएसबीटी परिसर को उधरबंद और सोनाई विधानसभा क्षेत्रों के साथ-साथ शेष चार विधानसभा क्षेत्रों के लिए बैलेट बॉक्स प्राप्ति और जमा केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है। लक्षीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए यह कार्य लक्षीपुर विकास खंड कार्यालय से संपन्न किया जाएगा।

प्रशासनिक तैयारियों के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। कछार के पुलिस अधीक्षक नुमल महत्ता ने कहा, “हमारा उद्देश्य शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान एवं मतगणना सुनिश्चित करना है। संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष बल की तैनाती की जा रही है। क्षेत्र में गश्त, त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT), और मोबाइल निगरानी इकाइयों को सक्रिय किया गया है। साथ ही, असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए एहतियाती कानूनी कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।”

यह प्रेस वार्ता उपायुक्त मृदुल यादव के नेतृत्व में कछार जिला प्रशासन की पारदर्शिता, कार्यकुशलता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता की प्रतीक रही। इसने यह स्पष्ट किया कि पंचायत चुनाव 2025 को निष्पक्ष, समावेशी और सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

इस अवसर पर निर्वाचन प्रेक्षक अबुल लैस चौधरी, जिला विकास आयुक्त नोरसिंग बे, अपर पुलिस अधीक्षक सुब्रत सेन, अपर जिला आयुक्त वान लाल लिमपुइया नामपुई, निर्वाचन अधिकारी मेसी टोपनो, सहायक आयुक्त सह प्रभारी उप निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (बराक घाटी जोन, सिलचर) बोन्नीखा चेतिया तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

यह जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, क्षेत्रीय कार्यालय, बराक घाटी जोन, सिलचर, असम द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई है।

Leave a Comment