नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब का  द्विवार्षिक अधिवेशन संपन्न

अजीत मेधी बने नए अध्यक्ष और प्रशांत मोदक सचिव

लखीमपुर 28 सितंबर: नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब के द्विवार्षिक अधिवेशन के अवसर पर आयोजित खुली सभा में पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति, निष्पक्षता, भाषा की गरिमा तथा पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। सभा में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के असमिया विभाग की प्राध्यापिका डॉक्टर पल्लवी डेका बुजरबरुआ ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर चिंता व्यक्त करते हुए पत्रकारों से अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों को किसी भी परिस्थिति में पक्षपातपूर्ण रवैया नहीं अपनाना चाहिए। पत्रकारिता की विश्वसनीयता उसकी निष्पक्षता और तथ्यपरकता से जुड़ी होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आम लोगों का पत्रकारों और समाचार माध्यमों के प्रति विश्वास प्रभावित हो रहा है। ऐसे में पत्रकारों के लिए यह आवश्यक है कि वे समाचारों के संकलन और प्रस्तुतीकरण में निष्पक्षता, जिम्मेदारी और मर्यादा का विशेष ध्यान रखें।

डॉक्टर बुजरबरुआ ने पत्रकारिता में भाषा के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाचार प्रस्तुत करते समय शब्दों का चयन अत्यंत सावधानी से किया जाना चाहिए। पत्रकारों को ऐसी भाषा और शब्दों के प्रयोग से बचना चाहिए, जिससे भाषा की सुंदरता और गरिमा प्रभावित हो। उन्होंने पत्रकारों से भाषा की शालीनता बनाए रखने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए पत्रकारिता करने का आग्रह किया।

नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब में आयोजित यह द्विवार्षिक अधिवेशन दो दिनों तक चला। 26 और 27 सितंबर को आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के तहत शनिवार को नई कार्यकारी समिति के सदस्यों के चयन सभा का आयोजन किया गया, जिसमें क्लब की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस नवगठित कार्यकारी समिति में अजीत मेधी को अध्यक्ष तथा प्रशांत मोदक को सचिव का कार्यभार सौपा गया।

रविवार को कुमुद बरुआ की अध्यक्षता में आयोजित खुली सभा में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य करने वाले डॉक्टर प्रबाल शैकिया, परेश बोरा तथा सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े दयाल कृष्ण नाथ को प्रेस क्लब की ओर से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान समाज और पर्यावरण के प्रति उनके योगदान को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नॉर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब की पत्रिका ‘गणकंठ’ का भी विधिवत विमोचन किया गया। पत्रिका का विमोचन सिचाई विभाग के सेवानिवृत्त कार्यकारी अभियंता चंद्र बरुआ ने किया। इस अवसर पर पत्रकारिता, समाज और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

।।पत्रकारों ने मंच पर बिखेरा अभिनय का रंग, ‘ब्लैक लिस्ट’ नाटक ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध।।

।प्रेस क्लब के द्विवार्षिक अधिवेशन के दूसरे दिन ‘ब्लैक लिस्ट’ का शानदार मंचन।

नर्थ लखीमपुर प्रेस क्लब के द्विवार्षिक अधिवेशन के दूसरे दिन की संध्या सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम रही। इस अवसर पर उत्तर लखीमपुर विश्वविद्यालय के सभागार में प्रेस क्लब के वरिष्ठ पत्रकार कुमुद बरुआ द्वारा रचित तथा जीवन गोस्वामी के निर्देशन में नाटक ‘ब्लैक लिस्ट’ का मंचन किया गया।

नाटक के मंचन को देखने के लिए सभागार में सैकड़ों की संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली संवाद अदायगी, भाव-भंगिमा और सशक्त अभिनय से दर्शकों को पूरी तरह बांधे रखा। नाटक के दौरान सभागार में दर्शक एकाग्रचित्त होकर प्रस्तुति का आनंद लेते नजर आए।

इस नाटक की सबसे खास बात यह रही कि इसमें अभिनय करने वाले सभी कलाकार लखीमपुर प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकार थे। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय इन कलाकारों ने जिस आत्मविश्वास और सहजता के साथ रंगमंच पर अभिनय किया, उसने दर्शकों को काफी प्रभावित किया।

नाटक के सफल मंचन के बाद दर्शकों ने कलाकारों की जमकर सराहना की। कई दर्शकों ने कहा कि कलाकारों के अभिनय और मंचीय प्रस्तुति को देखकर ऐसा प्रतीत हुआ मानो वे लंबे समय से पेशेवर रंगमंच से जुड़े हों। पत्रकारों द्वारा अभिनय के क्षेत्र में प्रस्तुत की गई इस प्रतिभा ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

नाटक की प्रस्तुति समाप्त होने के बाद सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित दर्शकों ने ‘ब्लैक लिस्ट’ की पूरी टीम को शानदार प्रस्तुति के लिए बधाई देते हुए नाटक की भूरि-भूरि प्रशंसा की। प्रेस क्लब के अधिवेशन के दौरान आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या ने पत्रकारिता के साथ-साथ पत्रकारों की कला और रचनात्मक प्रतिभा का भी शानदार परिचय कराया।

Leave a Comment