दिल्ली ब्यूरो, नई दिल्ली, 28 सितंबर: देशभर से हजारों महिला किसान कार्यकर्ता 30 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय महिला किसान सम्मेलन में शामिल होंगी। सम्मेलन में कृषि क्षेत्र में महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों और खेती में उनकी भूमिका को मजबूत करने पर चर्चा होगी। भारतीय किसान संघ (BKS) के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र और राष्ट्रीय महिला संयोजक मंजू दीक्षित ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सम्मेलन सुबह नौ बजे इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में होगा।
सम्मेलन में चयनित महिला किसानों को जैविक और प्राकृतिक खेती, देशी बीज संरक्षण, पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन तथा खाद्य प्रसंस्करण और ग्रामीण रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
मिश्र ने कहा कि महिलाएं खेती-किसानी, पशुपालन और पारंपरिक कृषि ज्ञान के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन में कृषि क्षेत्र में महिलाओं की पहचान, भागीदारी और उनके सामने आने वाली चुनौतियों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी।