नूर इस्लाम बड़भुइयां ने शिलचर जिला परिषद क्षेत्र के सभी जनता का जताया आभार

शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया के लिए जनता को धन्यवाद

शिलचर, 05 मई: शिलचर जिला परिषद के 17 नंबर सीट से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार नूर इस्लाम बड़भुइयां ने शनिवार रात रामनगर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शिलचर जिला परिषद क्षेत्र की समस्त जनता का हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में सम्पन्न हुए जिला परिषद चुनाव में क्षेत्र की जनता ने जिस प्रकार शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सशक्त मतदान में भाग लिया, वह सराहनीय है।

नूर इस्लाम बड़भुइयां ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के रूप में जनता के आशीर्वाद और प्रेम के साथ चुनावी मैदान में कदम रखा। चुनावी इस कठिन दौर में विभिन्न जाति, धर्म और समुदाय के लोगों ने उन्हें भरपूर सहयोग, समर्थन और निःस्वार्थ मेहनत से साथ दिया, जिसके लिए वे सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे चुनावी वादों को निभाते हुए क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से जनता ने उन्हें समर्थन दिया है, उससे उन्हें पूर्ण विश्वास है कि आगामी 11 तारीख को वह लगभग 2 से 3 हजार मतों के अंतर से विजय प्राप्त करेंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने यह भी बताया कि मतदान के समय कुछ बूथों पर असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन जनता की सजगता और सतर्कता के कारण कोई भी अप्रिय घटना घटित नहीं हो सकी।

“जनता की जागरूकता ने लोकतंत्र की मर्यादा को सुरक्षित रखा,” – नूर इस्लाम बड़भुइयां ने कहा।

Leave a Comment