नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए

नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए

गड़वार (बलिया)। थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो व एससी/एसटी एक्ट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वांछित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपाशंकर के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी (सिटी) उस्मान तथा थाना प्रभारी हितेश कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नीरज कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए बहादुरपुरकारी गांव निवासी राजू यादव व रोशन यादव को गिरफ्तार किया।

उल्लेखनीय है कि 18 फरवरी को पीड़िता के पिता की तहरीर पर चार नामजद व एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी थी।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपाशंकर ने बताया कि मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है तथा प्रकरण में विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

Leave a Comment