युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र और समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान
रामकृष्णनगर, 19 सितंबर। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर श्रीभूमि पहुंचे। उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखने तथा समाज में नशामुक्त वातावरण तैयार करने के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
श्रीभूमि पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से राज्यपाल का स्वागत किया गया। जिला सर्किट हाउस में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद राज्यपाल ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित ‘नशामुक्त भारत संकल्प पदयात्रा’ में हिस्सा लिया।
पदयात्रा में असम सरकार के जनस्वास्थ्य तकनीकी मंत्री कृष्णेंदु पाल, सांसद कृपानाथ मल्लाह, जिलाधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लीना डोले, पूर्व राज्यसभा सांसद मिशन रंजन दास, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, एनसीसी कैडेट तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल ने पौधारोपण कर किया। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जिला ग्रंथालय भवन से निकली नशामुक्त भारत संकल्प पदयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल, रोजगार, खेल और राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगानी चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘नशामुक्त भारत’ और ‘विकसित भारत’ के निर्माण के लिए जनभागीदारी पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर उन्हें अपने सपनों को साकार करने के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने उपस्थित मंत्री, सांसद, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा आम नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
राज्यपाल के दौरे को लेकर श्रीभूमि में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल रहा। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे। राज्यपाल के दौरे के दौरान श्रीभूमि में अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने इससे पूर्व शुक्रवार को शिलचर के लखीपुर क्षेत्र का भी दौरा किया था।