धुबरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

सेलिम शेख, धुबरी, 25 अक्टूबर: वोट चोरी के आरोपों को लेकर धुबरी में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

धुबरी जिला कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाकर प्रदर्शन स्थल को गुंजायमान कर दिया।

आज के इस विरोध प्रदर्शन में कार्यक्रम की पर्यवेक्षक तथा धुबरी विधानसभा क्षेत्र की विधायक बेबी बेगम, पर्यवेक्षक मुस्तफा सद्दाम हुसैन, पूर्व विधायक एवं पर्यवेक्षक अमीनुल इस्लाम और जिला कांग्रेस अध्यक्ष आसमा बेगम सहित पांच सौ से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई।

चुनावी अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कांग्रेस के इस प्रदर्शन ने धुबरी के राजनीतिक गलियारों में विशेष चर्चा बटोरी है।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि आगामी 30 अक्टूबर से दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाला विरोध प्रदर्शन सफल रहेगा। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ नगांव लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भी वोट चोरी के आरोप लगाए।

इस संबंध में पूर्व विधायक एवं पर्यवेक्षक अमीनुल इस्लाम और धुबरी विधानसभा क्षेत्र की विधायक तथा पर्यवेक्षक बेबी बेगम ने चुनावी अनियमितताओं के आरोप उठाते हुए आगामी आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।

Leave a Comment