धुबरी, 16 जुलाई: असम के धुबरी जिला अदालत परिसर में गुरुवार को पहली और दूसरी पत्नी के बीच हुई मारपीट की घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आजाद नामक व्यक्ति ने पहले लवली से प्रेम विवाह किया था। पहली पत्नी और उनके दो पुत्र होने के बावजूद उसने बाद में कथित तौर पर आरिफा नाम की एक अन्य युवती से भी विवाह कर लिया।
इसकी जानकारी मिलने के बाद पहली पत्नी लवली ने लगभग एक वर्ष पहले अपने पति आजाद और दूसरी पत्नी आरिफा के खिलाफ धुबरी अदालत में भरण-पोषण (मेंटेनेंस) की मांग को लेकर मामला दर्ज कराया था।
उसी मामले में गवाही देने के लिए गुरुवार को लवली अदालत पहुंची थीं। इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना के कारण कुछ समय के लिए अदालत परिसर में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। इस बीच, अदालत परिसर में जुटी भीड़ का फायदा उठाकर पति आजाद वहां से चुपचाप फरार हो गया।
प्रेषक: सलीम शेख, धुबरी