गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 17 जुलाई। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से राज्यभर में समष्टि-आधारित ग्रीष्मकालीन सांस्कृतिक कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र में विजय उड़ान एनजीओ तथा संस्कार भारती के संयुक्त तत्वावधान में रामकृष्ण विद्यापीठ के शचिंद्र मोहन दत्त स्मृति मंच पर 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन सांस्कृतिक कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन रामकृष्णनगर कॉलेज के प्राचार्य अर्जुन देव नाथ, रामकृष्ण विद्यापीठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य विश्वजीत नाथ, संस्कार भारती रामकृष्णनगर उपजिला इकाई के अध्यक्ष समीरण नाथ, विजय उड़ान एनजीओ के अध्यक्ष धनंजय नाथ तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन अवसर पर संस्कार भारती के कलाकारों ने मंगलाचरण एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि संस्था की सचिव शर्मिला भट्टाचार्य ने स्वागत भाषण दिया।
अपने संबोधन में प्रीतम पाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ग्रीष्मावकाश के दौरान विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को विकसित करने के लिए यह सराहनीय पहल की गई है। उन्होंने कहा कि असम सरकार के सांस्कृतिक विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यशाला युवाओं को अपनी कला और सृजनात्मक क्षमता को निखारने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगी।
प्राचार्य विश्वजीत नाथ ने कहा कि पाठ्यपुस्तकों का ज्ञान ही संपूर्ण शिक्षा नहीं है। संस्कृति, नैतिकता, आत्म-अभिव्यक्ति और जीवन-मूल्य भी शिक्षा के महत्वपूर्ण अंग हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अभ्यास, समर्पण और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा को विकसित करने का आह्वान किया।
रामकृष्णनगर कॉलेज के प्राचार्य अर्जुन देव नाथ ने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य केवल कला प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक, आध्यात्मिक और नैतिक मूल्यों का विकास करना भी है। उन्होंने कहा कि इन्हीं मूल्यों के आधार पर विद्यार्थी समाज में एक सम्मानित और आदर्श नागरिक के रूप में अपनी पहचान बना सकते हैं।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने समूह एवं एकल नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की। प्रथम दिवस के कार्यक्रम का संचालन दीपायन डे ने किया।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यकर्ता विश्वतोष सेन, रामकृष्णनगर नगरपालिका की अध्यक्ष प्रतिमा नाथ, उपाध्यक्ष हिमांशु देव, पूर्व शिक्षक रंजीत नाथ, अरुण चौधरी, वार्ड आयुक्त संदीप दत्त, रामकृष्णनगर मंडल युवा मोर्चा के अध्यक्ष निशीथ नाथ, शिक्षक समरजीत विश्वास सहित संस्कार भारती एवं विजय उड़ान के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।