दाईसाजान चाय बागान में भव्य हिंदू सम्मेलन का सफल आयोजन

दाईसाजान चाय बागान में भव्य हिंदू सम्मेलन का सफल आयोजन
तिनसुकिया, 31 जनवरी:
दाईसाजान चाय बागान में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर स्थानीय हिंदू समाज द्वारा एक भव्य, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायक हिंदू सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 500 से अधिक लोगों की उपस्थिति रही, जिससे सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रभक्ति की भावना सशक्त रूप में देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ हिंदू समाज के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ज्योति प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भारत माता, आदरणीय गुरु जी एवं डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी के समक्ष दीप प्रज्वलित किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक एवं ऊर्जावान बन गया। इसके उपरांत स्थानीय लोगों द्वारा देशभक्ति गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया।
इसके बाद आयोजित खुले सत्र में विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। दाईसाजान निवासी मिलन तांती ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की यात्रा एवं संगठनात्मक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए परिचयात्मक वक्तव्य दिया। मंजाली गोवाला ने हिंदू समाज में महिलाओं की भूमिका, दायित्व एवं योगदान पर प्रभावशाली विचार रखे।
प्रसिद्ध हिंदू पौराणिक वक्ता डॉ. बालकृष्ण आचार्य ने मनमोहक संस्कृत श्लोकों के माध्यम से हिंदुत्व विषय पर सारगर्भित एवं प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। एकल अभियान के कार्यकर्ता राहुल कुमार साह ने पंच परिवर्तन विषय पर विस्तृत संबोधन प्रस्तुत करते हुए इसे सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की आधारशिला बताया। उन्होंने सामाजिक एकता, प्रकृति संरक्षण, मेक इन इंडिया एवं आत्मनिर्भरता, नैतिक मूल्य एवं भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद तथा राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का सफल संचालन आयोजन समिति के सचिव एवं दाईसाजान मंडल कार्यवाह राजेन तांती द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिष्णु राय घटोवार ने की। आयोजन समिति के उपाध्यक्ष अजित तांती, कोषाध्यक्ष श्याम तांती सहित सभी समिति सदस्यों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दूमडूमा शाखा की विस्तारक मितिशा बर्मन, समाजसेवी एवं स्वयंसेवक विशाल सुरोलिया, अधिवक्ता प्रज्ञा दास, एकल अभियान कार्यकर्ता सुनील तांती, आरएसएस दूमडूमा शाखा के व्यवस्था प्रमुख राजेश महानंद, स्थानीय निवासी राजेंद्र तांती, आलोन तांती के साथ वृंदावन बाग, शिबदास टाकरी, मिथुन प्रजा, बबीता प्रजा, बिस्नु तांती, अनिल महतो, रिंगी लामा, मुन्ना महतो, बिनोद तांती, गुरु तांती,  एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन असम राज्य गीत एवं कल्याण मंत्र के साथ अत्यंत अनुशासित, शांतिपूर्ण एवं राष्ट्रभाव से परिपूर्ण वातावरण में किया ।

Leave a Comment