तीसरी बार रिकॉर्ड मतों से विजयी विधायक विजय मालाकार का भव्य अभिनंदन

तीसरी बार रिकॉर्ड मतों से विजयी विधायक विजय मालाकार का भव्य अभिनंदन

रामकृष्णनगर, 10 जून (गौतम सरकार): रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार रिकॉर्ड मतों के अंतर से विजयी होकर विधायक चुने गए विजय मालाकार का बुधवार को भैरवनगर मंडल भाजपा की ओर से भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कालीबाड़ी स्थित पारिजात विवाह भवन के सामने किया गया, जहां बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता तथा बूथ स्तर के संगठन से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भैरवनगर मंडल के अंतर्गत सुभाष नगर, दत्तपुर, घोड़ामाड़ा और मर्याटकांदी जीपी के प्रतिनिधियों ने विधायक मालाकार को उत्तरीय ओढ़ाकर तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर और चंदन का तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। कालीबाड़ी अस्पताल के समीप से समारोह स्थल तक एक विशाल रैली भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता शामिल हुए।

इस अवसर पर आयोजित सभा की अध्यक्षता भैरवनगर मंडल भाजपा के अध्यक्ष हिरेश विश्वास ने की।

अपने संबोधन में विधायक विजय मालाकार ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर उनके दीर्घायु और सफलता की कामना की है।

उन्होंने कहा, “मेरी इस जीत का श्रेय पूरी तरह भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है। बूथ स्तर से लेकर वरिष्ठ नेताओं तक सभी ने अथक परिश्रम किया, जिसके परिणामस्वरूप रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को असम के सर्वाधिक मतांतर वाले क्षेत्रों में चौथा स्थान प्राप्त हुआ। मैं सभी कार्यकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”

विधायक ने कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह आगामी पांच वर्षों तक मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

उन्होंने भावुक होकर कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि इस क्षेत्र का विधायक बनने का अवसर मिलेगा। मैंने हमेशा पार्टी को समर्पित होकर कार्य किया। पार्टी नेतृत्व और विशेष रूप से मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने मुझ पर विश्वास जताते हुए लगातार तीन बार टिकट दिया। आप सभी के आशीर्वाद और सहयोग से मैं तीसरी बार विधायक बन सका हूं।”

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य राजेश दास, जिला भाजपा के पदाधिकारी, जिला उपाध्यक्ष संजीव बनिक, गामारिया जीपी की उपाध्यक्ष सुरमणि सरकार, भैरवनगर मंडल एससी मोर्चा के सचिव निगमानंद भारती, कालीनगर जीपी अध्यक्ष सत्यजीत देव, गांधीनगर जीपी अध्यक्ष सौरभ दास, रिटन दास, महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष सुपर्णा दास, जयंत दास सहित अनेक कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

सभा के दौरान भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष पूजा-अर्चना भी आयोजित की गई तथा क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की गई।

Leave a Comment