गामारिया में प्रेमी के हाथों विवाहित महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

गामारिया में प्रेमी के हाथों विवाहित महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रामकृष्णनगर, 10 जून (गौतम सरकार): करीमगंज जिले के गामारिया जीपी अंतर्गत गामारिया गांव में एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। प्रेम संबंधों के विवाद में एक विवाहित महिला की कथित रूप से उसके प्रेमी द्वारा हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय रचना बेगम के रूप में हुई है। वह आजब अली की पुत्री तथा मतिउर रहमान की पत्नी थीं।

परिजनों के अनुसार, रचना बेगम के पति लंबे समय से रोजगार के सिलसिले में बेंगलुरु में रह रहे हैं। इसी दौरान आगलापुर मोहनपुर पार्ट-1 निवासी एबाद उद्दीन लस्कर के साथ रचना का संबंध स्थापित हुआ था। लगभग एक माह पूर्व स्थानीय लोगों ने दोनों को रचना के ससुराल में आपत्तिजनक स्थिति में देखकर पकड़ लिया था और उन्हें कालीबाड़ी पुलिस चौकी के हवाले कर दिया था।

बताया जाता है कि इस घटना के बाद सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर विवाद बढ़ गया। परिजनों का दावा है कि रचना के पति ने उन्हें स्वीकार करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद वह अपने तीन बच्चों के साथ मायके में रहने लगी थीं।

घटना के दिन सुबह से ही एबाद उद्दीन लस्कर रचना बेगम को लगातार फोन कर अपने साथ चलने का दबाव बना रहा था। लेकिन रचना के मना करने पर वह सीधे गामारिया स्थित उनके घर पहुंच गया। आरोप है कि उसने फोन कर रचना को घर से बाहर बुलाया और फिर जबरन खींचकर ले गया। इसके बाद धारदार हथियार से उन पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

रचना की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में रचना को पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। फरार आरोपी एबाद उद्दीन लस्कर को पुलिस ने लुमडिंग रेलवे स्टेशन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment