तिनसुकिया: तिनसुकिया के जिला आयुक्त सुमित सत्तावन ने जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में उर्वरक खुदरा विक्रेताओं के साथ बैठक कर जल्द लागू होने वाले उर्वरक बिक्री रूपरेखा (एफएफएस) ऐप के संबंध में विस्तृत चर्चा की।
असम के अन्य हिस्सों के साथ तिनसुकिया जिले में भी एफएफएस ऐप जल्द ही लागू होने की संभावना है। बैठक का उद्देश्य उर्वरक विक्रेताओं को नई डिजिटल व्यवस्था से परिचित कराना तथा इसके तहत अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी देना था।
बैठक का संचालन अतिरिक्त जिला आयुक्त (कृषि) जांगमीर रोंगफारपी ने किया। जिला कृषि अधिकारी रजित दत्ता ने एफएफएस ऐप की कार्यप्रणाली और इसके तहत अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
इस दौरान जिला आयुक्त सुमित सत्तावन ने उर्वरक विक्रेताओं से किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि नई व्यवस्था के तहत किसानों द्वारा की जाने वाली अग्रिम बुकिंग की जानकारी विक्रेताओं को नियमित रूप से रखनी होगी तथा बुक किए गए उर्वरक की आपूर्ति बिना किसी देरी के सुनिश्चित करनी होगी।
बैठक में उर्वरक खुदरा विक्रेताओं के अलावा जिला कृषि विभाग के सहायक कृषि निदेशक, अनुमंडलीय कृषि अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी और कृषि विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।