नामसाई: अरुणाचल प्रदेश के नामसाई में ताई खामती भाषा की पहली मिनी-सीरीज़ ‘जैकपॉट’ का प्रीमियर हुआ। स्थानीय भाषा और समुदाय की कहानियों को पर्दे पर लाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
प्रीमियर कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री चौना मेन सहित फिल्म निर्माता, कलाकार, क्रिएटर और प्रोडक्शन टीम के सदस्य मौजूद रहे। मिनी-सीरीज़ में ताई खामती भाषा के माध्यम से स्थानीय अनुभवों पर आधारित समकालीन कहानियां प्रस्तुत की गई हैं।
‘जैकपॉट’ की कहानी सपनों, महत्वाकांक्षा, धन, दोस्ती और अचानक मिलने वाले अवसरों से पैदा होने वाले फैसलों के इर्द-गिर्द घूमती है। सीरीज़ में रोजमर्रा के अनुभवों और स्थानीय हास्य को आधुनिक कहानी कहने की शैली के साथ जोड़ा गया है।
प्रीमियर के दौरान उपमुख्यमंत्री चौना मेन ने युवा कलाकारों द्वारा अपनी भाषा में अपनी कहानियां कहने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने ‘जैकपॉट’ की टीम को बधाई देते हुए स्थानीय समुदायों से जुड़ी कहानियों पर प्रयोग जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
सीरीज़ से जुड़े सूत्रों के अनुसार, ‘जैकपॉट’ के आने वाले दिनों में यूट्यूब पर अपलोड किए जाने की उम्मीद है।
प्रीमियर का एक भावुक पक्ष भी रहा। पियोंग सर्कल के वागुन-द्वितीय गांव निवासी चाऊ त्रिनाम कपत, जिन्होंने सीरीज़ में अभिनय किया था, रिलीज से पहले ९ अगस्त को एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उनके पिता प्रीमियर में शामिल हुए। इस दौरान सीरीज़ की रिलीज के साथ कपत को श्रद्धांजलि भी दी गई।
‘जैकपॉट’ स्थानीय कलाकारों, लेखकों, तकनीशियनों और फिल्म निर्माताओं को अवसर देने के साथ-साथ ताई खामती भाषा और समुदाय के अनुभवों को समकालीन स्क्रीन स्टोरीटेलिंग में स्थान देने की कोशिश है।