डॉ. राजदीप रॉय से बकाया भुगतान की मांग, इवेंट डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन की चेतावनी
शिलचर, रविवार: शिलचर के इवेंट डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने पूर्व सांसद डॉ. राजदीप रॉय पर इवेंट मैनेजमेंट से जुड़े बकाया भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। एसोसिएशन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो आगामी चुनाव में वे किसी भी प्रकार का इवेंट मैनेजमेंट कार्य नहीं करेंगे।
रविवार को शिलचर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के अध्यक्ष जय बरदिया ने बताया कि 8 जून 2018 को जीवन ज्योति अस्पताल के उद्घाटन समारोह का ₹8.26 लाख, ‘मन की बात’ कार्यक्रम का ₹75 हजार, अस्पताल में कैथलैब स्थापना समारोह का ₹5.90 लाख तथा अन्य विभिन्न आयोजनों के लिए चेक के माध्यम से लगभग ₹30 लाख—कुल मिलाकर करीब ₹49 लाख की राशि अब तक भुगतान नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि यदि डॉ. राजदीप रॉय इस बकाया राशि का भुगतान कर देते हैं, तो एसोसिएशन चुनाव के दौरान कार्य करने के लिए तैयार है। इसके लिए वे आपसी बातचीत के माध्यम से समाधान भी निकाल सकते हैं। अन्यथा, एसोसिएशन ने साफ कर दिया है कि चुनाव के दौरान डॉ. रॉय से संबंधित किसी भी कार्यक्रम में वे सहयोग नहीं करेंगे।