काठीघोड़ा में कांग्रेस प्रत्याशी चयन पर बवाल, कार्यकर्ताओं का उग्र प्रदर्शन
काछार जिले के काठीघोड़ा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी के नाम की घोषणा के बाद पार्टी के भीतर भारी असंतोष और तनाव का माहौल बन गया है। कांग्रेस द्वारा अमरचंद जैन को उम्मीदवार बनाए जाने के फैसले के विरोध में रविवार दोपहर क्षेत्र में जोरदार बवाल देखने को मिला।
कालाइन ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में बड़ी संख्या में जुटे पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक अचानक विरोध प्रदर्शन पर उतर आए। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने ‘गौरव गोगोई मुर्दाबाद’ और ‘जितेंद्र सिंह दलाल’ जैसे नारे लगाते हुए कार्यालय में तोड़फोड़ की।
स्थानीय नेता संदीप दास को टिकट न दिए जाने से नाराज़ एक गुट ने विरोध को और तेज कर दिया। प्रदर्शन धीरे-धीरे सड़क पर फैल गया, जिसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पार्टी के शीर्ष नेताओं, जिनमें गौरव गोगोई और प्रियंका गांधी के पोस्टर व बैनर भी शामिल थे, को आग के हवाले कर दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कालाइन थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
इस पूरे घटनाक्रम पर लक्षीपुर जीपी मंडल कांग्रेस अध्यक्ष साहाबुद्दीन ने भी प्रतिक्रिया दी है, हालांकि विस्तृत बयान अभी सामने नहीं आया है।