जोरहाट: जिला प्रशासन की पहल पर शुक्रवार को जोरहाट में गांधी जयंती तथा अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम गांधी पार्क में आयोजित किया गया, जहां सुबह ९:३० बजे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कामाख्या प्रसाद तासा मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहे। जोरहाट के जिला आयुक्त जय शिवानी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
सांसद कामाख्या प्रसाद तासा और जिला आयुक्त जय शिवानी ने दीप प्रज्वलित कर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। अन्य गणमान्य व्यक्तियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के समापन पर अहिंसा के सिद्धांतों के पालन की शपथ दिलाई गई।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद कामाख्या प्रसाद तासा ने महात्मा गांधी के सिद्धांतों और आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवा पीढ़ी से महात्मा गांधी के जीवन और उनके विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
जिला आयुक्त जय शिवानी ने गांधीजी के मूल्यों, अहिंसा के दर्शन तथा स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से गांधीजी के आदर्शों को अपनाने, अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा सभी के प्रति अहिंसा की भावना को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
जोरहाट नगर पालिका बोर्ड की अध्यक्ष लखीमी खरघरिया ने भी महात्मा गांधी के सिद्धांतों और देशभक्ति पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वधर्म प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं ने भाग लिया। जोरहाट के नागरिक सुरक्षा उप नियंत्रक सीमांत शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया।
कार्यक्रम में जोरहाट जिला परिषद के अध्यक्ष सुरजीत सैकिया, अतिरिक्त जिला आयुक्त पंकज बोरा, सहायक आयुक्तों, विभिन्न विभागों के प्रमुखों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।