जीपी इंडेन गैस एजेंसी के खिलाफ उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, खराब सेवा और दुर्व्यवहार के आरोप
शिलचर, 13 जून। शिलचर की जीपी इंडेन गैस एजेंसी के खिलाफ उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है। एजेंसी की सेवाओं से परेशान ग्राहकों ने विभिन्न शिकायतें सामने लाते हुए आरोप लगाया है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर बुकिंग के बाद मोबाइल पर डीएससी (डिलीवरी संबंधी संदेश) प्राप्त हो जाता है, लेकिन इसके बावजूद समय पर गैस की आपूर्ति नहीं की जाती। इससे लोगों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राहकों ने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी कार्यालय में फोन करने पर अधिकांश समय कर्मचारियों द्वारा कॉल रिसीव नहीं की जाती। कुछ उपभोक्ताओं का दावा है कि शिकायत करने के कारण उनके मोबाइल नंबरों को ब्लैकलिस्ट तक कर दिया गया है। वहीं, एजेंसी कार्यालय में सीधे संपर्क करने पर भी कर्मचारियों द्वारा उपेक्षापूर्ण व्यवहार और दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
शनिवार को शिलचर शहर के काठाल रोड तथा बधुराइल क्षेत्र के अनेक लोगों ने जीपी इंडेन गैस एजेंसी के विरुद्ध अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस एजेंसी की सेवाओं से मुक्त होना चाहते हैं। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे जिला उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने को भी विवश हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर भी इस गैस एजेंसी के खिलाफ अनेक शिकायतें और समाचार वायरल होते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिलचर की अन्य गैस एजेंसियों के विरुद्ध इस प्रकार की व्यापक शिकायतें सुनने को नहीं मिलतीं। ऐसे में लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि यदि गैस आपूर्ति में कोई सामान्य संकट है, तो उसका असर केवल इसी एजेंसी पर ही क्यों दिखाई दे रहा है, जबकि अन्य एजेंसियां अपेक्षाकृत बेहतर सेवाएं प्रदान कर रही हैं।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक जीपी इंडेन गैस एजेंसी की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी। यदि एजेंसी का पक्ष प्राप्त होता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।