श्रीभूमि, 5 सितंबर 2026: शिक्षक दिवस के शुभ अवसर पर जिला पुस्तकालय, श्रीभूमि में आयोजित भव्य जिला स्तरीय समारोह में पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, श्रीभूमि, असम के प्राचार्य योगेश कुमार को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं प्रशासनिक योगदान के लिए ‘जिला स्तरीय श्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि होजाई विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा श्री योगेश कुमार को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र (Certificate of Excellence) एवं स्मृति चिह्न (Memento) प्रदान किया गया। यह सम्मान उनकी निष्ठावान शैक्षणिक सेवाओं, कुशल नेतृत्व, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यालय के सर्वांगीण विकास में उनके अनुकरणीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
इस गरिमामय अवसर पर जिला आयुक्त श्री प्रदीप कुमार द्विवेदी, विद्यालय निरीक्षक (Inspector of Schools) श्रीमती नीलम ज्योति दास, पूर्व सांसद श्री शिशिर रंजन दास सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति, प्रशासनिक अधिकारी एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे।
योगेश कुमार के मार्गदर्शन में विद्यालय में अनुभवात्मक एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण, परियोजना कार्य तथा कला एवं खेल-एकीकृत शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। विद्यार्थियों में 21वीं सदी के कौशल विकसित करने के लिए माइंड मैपिंग, एआई-सहायता प्राप्त पठन तथा ओपन-स्पेस लर्निंग मॉडल, जैसे गणित पार्क एवं नेचर साइंस गतिविधियों को प्रभावी रूप से लागू किया गया है।
कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 (PMKVY 4.0) के अंतर्गत प्रशिक्षण केंद्र संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक एवं उद्योग-संबंधित कौशल प्रदान किए जा रहे हैं।
उच्च शिक्षा से विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से IIT मद्रास के स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम के सहयोग से माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। साथ ही अनादि फाउंडेशन, तमिलनाडु के सहयोग से भारतीय ज्ञान परंपरा (Indian Knowledge System) को भी विद्यालयी शिक्षा से जोड़ा गया है।
विद्यालय को स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। विद्यालय को शिक्षा मंत्रालय द्वारा ‘स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) 2025-26’ के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर की मान्यता प्राप्त हुई है। परिसर को सिंगल-यूज़ प्लास्टिक मुक्त एवं तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय में नेशनल लाइब्रेरी नेटवर्क से जुड़ी ई-लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लासरूम तथा Google और Microsoft के डिजिटल क्लासरूम जैसी आधुनिक सुविधाओं को शिक्षण प्रक्रिया से जोड़ा गया है।
विद्यालय द्वारा समुदाय से जुड़ाव को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। स्थानीय विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) कोचिंग, प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु सहायता तथा ‘ब्रह्मपुत्र वॉलीबॉल लीग’ के माध्यम से खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
श्री योगेश कुमार पिछले 24 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित रूप से कार्यरत हैं। उनके उत्कृष्ट योगदान को पूर्व में भी राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिल चुकी है तथा उन्हें एनसीईआरटी (NCERT) पुरस्कार और एनवीएस (NVS) नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
‘जिला स्तरीय श्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार 2026’ से सम्मानित होने पर पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, श्रीभूमि के समस्त विद्यालय परिवार, अभिभावक-शिक्षक परिषद (PTC) एवं स्थानीय समुदाय ने श्री योगेश कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।