जिरीबाम में तीन संदिग्ध आईईडी बरामद, सेना ने सुरक्षित रूप से किया निष्क्रिय

त्वरित कार्रवाई से नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों पर मंडराया संभावित खतरा टला

जिरीबाम, 4 सितंबर। भारतीय सेना ने मणिपुर के जिरीबाम जिले में समय रहते कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया। सेना की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों के लिए संभावित गंभीर खतरा टल गया।

विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर स्पीयर कोर के तत्वावधान में रेड शील्ड डिवीजन के जवानों ने शुक्रवार को जिरीबाम के अहमदाबाद क्षेत्र में संदिग्ध आईईडी की पहचान की। सूचना मिलते ही इलाके को तत्काल घेरकर सुरक्षित किया गया और आसपास मौजूद नागरिकों व सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए।

संदिग्ध उपकरणों की पुष्टि के लिए एक्सप्लोसिव डिटेक्शन डॉग की मदद ली गई। आईईडी होने की पुष्टि के बाद सेना के बम निरोधक दस्ते ने अत्यंत सावधानी और पेशेवर दक्षता के साथ तीनों विस्फोटक उपकरणों को मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।

सेना की त्वरित कार्रवाई से किसी भी संभावित अप्रिय घटना को समय रहते रोक लिया गया और क्षेत्र में नागरिकों तथा सुरक्षा बलों की आवाजाही सुरक्षित बनी रही। कार्रवाई पूरी होने के बाद इलाके में सामान्य गतिविधियां भी शीघ्र बहाल कर दी गईं।

भारतीय सेना की यह कार्रवाई मणिपुर में नागरिकों की सुरक्षा के प्रति उसकी सतर्कता और जन-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाती है। स्थानीय समुदाय और नागरिक प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखते हुए सेना क्षेत्र में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण कायम करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Leave a Comment