चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर। 15 जुलाई :—– कछाड़ जिले के लखीपुर विधानसभा क्षेत्र के दिलखुश गांव के लिए बुधवार का दिन गौरवपूर्ण रहा, जब जापान के नागरिक एवं मारुति सुजुकी समूह के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर किंजी साइटो दो सहयोगियों के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने स्थानीय युवा उद्यमी बापन दास के स्टार्टअप ग्रेजुएट फार्मर का दौरा कर कंपनी की गतिविधियों का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार, किंजी साइटो दो दिवसीय बराक घाटी दौरे पर आए हैं। इस दौरान उन्होंने बापन दास के नेतृत्व में संचालित ग्रेजुएट फार्मर के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा कंपनी की उत्पादन एवं संचालन व्यवस्था का जायजा लिया।
उल्लेखनीय है कि मारुति सुजुकी समूह के नेक्स्ट भारत वेंचर्स से अंतरराष्ट्रीय स्टार्टअप निवेश प्राप्त करने वाले बराक घाटी के पहले उद्यमी बापन दास हैं। कुछ समय पूर्व मारुति सुजुकी समूह ने उनके स्टार्टअप में निवेश किया था। इसी निवेश के बाद कंपनी की प्रगति का आकलन करने के उद्देश्य से किंजी साइटो स्वयं बराक घाटी पहुंचे।
दौरे के दौरान उन्होंने हाइलाकांदी जिले के अलगापुर तथा कछार जिले के जिरीघाट और दिलखुश स्थित ग्रेजुएट फार्मर की इकाइयों का भी निरीक्षण किया और वहां चल रहे कार्यों की जानकारी ली।
जापान से आए प्रतिनिधिमंडल के गांव पहुंचने से स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने इसे अपने गांव के लिए सम्मान और गर्व का क्षण बताया। उनका कहना है कि बापन दास की मेहनत, नवाचार और उद्यमिता के कारण आज दिलखुश गांव की पहचान राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बन रही है।
इस क्षेत्र में बापन दास को असम सरकार ने उत्कृष्ट उद्यमिता पुरस्कार से भी सम्मानित किया है।
ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि बापन दास की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। बापन दास को ग्रामीणों ने अपने गांव का गौरव बताते हुए उनकी सफलता पर खुशी व्यक्त की।