राजनीतिक, सामाजिक और व्यावसायिक जगत में शोक की लहर
शिव कुमार, शिलचर, 21 जुलाई। जयपुर राजाबाजार क्षेत्र के पूर्व जिला परिषद सदस्य, प्रख्यात समाजसेवी एवं प्रतिष्ठित व्यवसायी विश्वजीत सिंह क्षेत्री का मंगलवार तड़के निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक एवं व्यावसायिक जगत से जुड़े लोगों ने उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 13 जुलाई को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें शिलचर के मेहरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की टीम ने लगभग नौ दिनों तक उनका उपचार किया, लेकिन उनकी स्थिति लगातार गंभीर बनी रही। मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
विश्वजीत सिंह क्षेत्री अपने शांत स्वभाव, मृदुभाषी व्यक्तित्व और मिलनसार व्यवहार के कारण समाज के सभी वर्गों में लोकप्रिय थे। जिला परिषद सदस्य के रूप में उन्होंने क्षेत्र के विकास तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाई। समाजसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने की भावना ने उन्हें आम लोगों के बीच विशेष सम्मान दिलाया था।
उनके निधन का समाचार मिलते ही बड़ी संख्या में शुभचिंतक, मित्र, समर्थक एवं क्षेत्रवासी उनके निवास पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
विश्वजीत सिंह क्षेत्री अपने पीछे वृद्ध माता, पत्नी, तीन भाई, दो बहन, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
असम सरकार के मंत्री कौशिक राय, शिलचर के व्यवसायी विकास सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और अनेक लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। शोक व्यक्त करने वालों ने कहा कि विश्वजीत सिंह क्षेत्री का जीवन सादगी, समाजसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके निधन से समाज ने एक कर्मठ समाजसेवी, लोकप्रिय जनप्रतिनिधि और सरल व्यक्तित्व को खो दिया है।
शोक संतप्त लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
